बॉलीवुड में किसिंग स्टार के नाम से मशहूर अभिनेता इमरान हाशमी अब बहुत ही जल्द सिल्वर स्क्रीन पर क्रिकेट खेलते हुए दिखाई देंगे. इमरान आपनी आगामी फिल्म में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का किरदार निभाने जा रहे हैं जिसके लिए वह क्रिकेट की कोचिंग भी लेंगे. इस फिल्म का निर्माण जानीमानी फिल्मकार एकता कपूर करेंगी और इसका निर्देशन एंथनी डिसूजा करेंगे. फिलहाल इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं किया गया है.
खबरों के अनुसार इस फिल्म में अजहर के किरदार को निभाने के लिए इमरान तीन अलग-अलग लुक में नजर आएंगे. इस फिल्म में इमरान का एक लुक अजहर के खेल जीवन और उनकी कप्तानी को दर्शाएगा तो वहीं उनका दूसरा लुक उनके जीवन से जुड़े विवादों पर आधारित होगा और तीसरा लुक उनके बाकी जीवन की कहानी को दर्शाएगा.
वहीं क्रिकेट की कोचिंग के लिए इमरान ने खुद ही इंटरनेशनल स्पोटर्स कंपनी से संपर्क साधा है क्योंकि वह चाहते हैं कि उन्हें क्रिकेट की गहराई के बारे में पूरी समझ हो, इसलिए वह प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेना चाहते हैं. सुनने में आया है कि उनके लिए कोच का चयन दिसंबर तक कर लिया जाएगा और कोचिंग सेशन लगभग एक महीने तक चलेगा. इस फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी से शुरू हो जाएगी.

No comments:
Post a Comment