Tuesday, December 9, 2014

एक ही इंजन में Top पर मोदी, मुकेश और सनी लियोन!

ऑनलाइन सर्च कंपनी याहू ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट जारी की है जिसमें विभिन्‍न क्षेत्रों की जानीमानी हस्तियों की लिस्‍ट तैयार की गई है. ये लिस्‍ट साल 2014 में तमाम गतिविधियों के चलते सबसे ज्‍यादा सर्च किए गए लोगों पर आधारित है. याहू की इस लिस्ट के अनुसार 2014 में राजनीतिक हस्तियों में पीएम नरेंद्र मोदी, उद्योगपतियों में मुकेश अंबानी और सेलिब्रिटी में सनी लियोन का नाम शीर्ष पर है. आपको बता दें कि याहू इंडिया ने अपनी सालाना रिपोर्ट ‘ईयर इन रिव्यू’ के 7वें संस्करण में यह जानकारी दी है.
याहू पर सबसे अधिक सर्च किए गए क्रिकेटरों की सूची में सचिन तेंदुलकर पहले स्थान पर हैं. उनके बाद फिल ह्यूज और एमएस धौनी का नाम है जबकि सनी लियोन लगातार तीसरे साल ‘मोस्ट सर्चड सेलिब्रिटी’ बन गई है.

राजनीतिक हस्तियां
2014 में सबसे अधिक सर्च की गई 10 राजनीतिक हस्तियों की लिस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी पहले स्थान पर हैं. याहू ने मोदी की महत्वाकांक्षी ‘मेक इन इंडिया’ पहल को साल की ‘सबसे बड़ी वित्तीय घटनाओं’ में शीर्ष पर रखा है. उनके बाद नई सरकार में वित्त मंत्री अरुण जेटली और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का नाम शामिल है. इस लिस्ट में गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, रेल मंत्री सुरेश प्रभु और बीजेपी महासचिव राम माधव का नाम भी शामिल है. यह समीक्षा भारत में याहू पर उपभोक्ताओं की दैनिक सर्च और उनके द्वारा पढे और शेयर किए जानेवाले आलेखों के विश्लेषण पर आधारित है.

उद्योगपति
देश के सबसे प्रभावी लोगों की लिस्ट में उद्योगपति मुकेश अंबानी पहले नंबर पर हैं. उनके बाद टाटा ग्रुप के प्रमुख साइरस मिस्त्री और अडाणी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडाणी का नंबर है. वित्तीय खबरों के लिहाज से सबसे अधिक चर्चित रही हस्तियों में एप्पल के सीईओ टिम कुक, माइक्रोसाफ्ट के सीईओ सत्य नाडेला, इन्फोसिस के सीईओ विशाल सिक्का, फ्लिपकार्ट के सचिन व बिन्नी बंसल तथा स्नपडील के रोहित बंसल शामिल हैं.

No comments:

Post a Comment