Saturday, December 13, 2014

मेरी बेटी सुहाना मेरी सबसे अच्छी दोस्त: शाहरुख

किंग खान के नाम से मशहूर शाहरुख खान का कहना है कि वह अपने बच्चों से दोस्ताना व्यवहार रखते हैं और वह अपनी बेटी सुहाना को सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. इस बात का खुलासा उन्होंने उस वक्त किया जब काजोल ने शाहरुख से पूछा कि आप कैसे पिता हैं? अमरीश पुरी जैसे या अनुपम खेर जैसे? आपको बता दें कि 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे' (डीडीएलजे) में अमरीश पुरी ने काजोल के सख्त मिजाज पिता और अनुपम खेर ने शाहरुख के उदार स्वभाव वाले पिता का किरदार निभाया था.
काजोल के इस सवाल का जवाब देते हुए शाहरुख ने कहा मुझे लगता है कि मैं थोड़ा-थोड़ा दोनों की तरह हूं क्योंकि दूसरे अभिभावकों की तरह मैं भी एक दोस्ताना व्यवहार रखनेवाला पिता हूं और मैं अपनी बेटी सुहाना से बहुत प्यार करता हूं.
वहीं इसी सवाल के जवाब में काजोल ने कहा कि मैं अपने दोनों बच्चों से बेहद प्यार करती हूं. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बेटी न्यासा को डीडीएलजे पसंद नहीं आई. उन्होंने कहा मेरी बेटी न्यासा ने मुझसे कहा कि वह यह फिल्म नहीं देख सकती. उसने मुझसे कहा कि आप इस फिल्म में कितना ज्यादा रोई हैं. आप इतना क्यों रोती हैं? आपको पापा की तरह 'गोलमाल' जैसी फिल्मों में काम करना चाहिए.
आपको बता दें कि काजोल और शाहरुख फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (डीडीएलजे) के 1,000 सप्ताह पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. यह फिल्म मुंबई के मराठा मंदिर में रिलीज के दिन से लेकर आजतक चलती आ रही है.

No comments:

Post a Comment