Thursday, December 4, 2014

सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों को जागरुक करने के लिए CBSE ने उठाया कदम

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने देश में सड़क सुरक्षा की अहमियत को समझाने के लिए बच्चों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम उठाया है. सीबीएसई नेशनल फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता शुरू करने जा रहा है जिसमें बच्चों को एक शॉर्ट फिल्म बनानी होगी और जिसकी फिल्म सबसे अच्छी होगी उसे 2 लाख रुपए की राशी इनाम में दी जाएगी. इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि इनाम जीतनेवाली फिल्मों को 11 से 17 जनवरी तक मनाए जानेवाले नेशनल रोड सेफ्टी वीक के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा.
सीबीएसई ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ मिलकर यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है. तय गति से अधिक पर ड्राइविंग, ओवर लोडिंग, नशे में ड्राइविंग, हेलमेट का प्रयोग, साइकिल वालों की सुरक्षा जैसे पहलुओं को फिल्म की थीम में शामिल किया गया है और इन्हीं थीम पर छात्रों को अंग्रेजी या हिंदी में एक शॉर्ट फिल्म तैयार करनी होगी. इस फिल्म को जमा करवानी की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तय की गई है और फिल्म की अवधि तीस सेकेंड से लेकर दो मिनट तक की रखी गई है.
आपको बता दें कि विजेताओं की घोषणा सीबीएसई की वेबसाइट द्वारा की जाएगी जिसमें आठ पुरस्कार तय किए गए हैं. पहला पुरस्कार दो लाख रुपये, दूसरा एक लाख, तीसरा पचास हजार और पांच पुरस्कार 20-20 हजार रुपये के होंगे. इस प्रतियोगिता में p.singhal@nic.in या www.morth.nic.in पर ईमेल भेज कर पंजीकरण कराया जा सकता है.
सीबीएसई पहले ही रोड सेफ्टी के बारे में पढ़ाने का फैसला कर चुका है और इस विषय पर पढ़ाने के लिए अलग से क्लास नहीं लगेगी बल्कि प्रत्येक विषय की पढ़ाई में इसे शामिल किया जाएगा जिससे की ज्यादा से ज्यादा बच्चे सड़क सुरक्षा को लेकर जागरुक हों. 

No comments:

Post a Comment