राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर, 2012 को हुए सामूहिक बलात्कार और हत्याकांड के आज दो साल पूरे हो गए हैं. अपनी बेटी के इस दर्द की बरसी पर पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी को याद करते हुए अपना दर्द जाहिर किया और पीएम नरेंद्र मोदी सवाल किया क्या आप हमें इंसाफ दिलाने में मदद करेंगे?
बेटी पूछती है कब मिलेगा इंसाफ
उन्होंने कहा मेरी बेटी मुझसे रोज पूछती है कि मैंने उसे इंसाफ दिलाने के लिए क्या किया है और मैं क्या कर रहा हूं जिससे उस जैसी कई और लड़कियों को इंसाफ मिल सके. बेटी की यह सब बाते सुनकर मुझे असहाय होने का अहसास होता है और लगता है कि मैं कितना मामूली सा आदमी हूं कि बेटियों को इंसाफ दिलाने के लिए कुछ नहीं कर सकता. पिता ने कहा कि वह 16 दिसंबर, 2012 की रात से लेकर आज तक कभी भी शांति से नहीं सो पाए हैं.
आपको बता दें कि इस मामले के दोषी चार वयस्क आरोपियों - अक्षय ठाकुर, विनय शर्मा, पवन गुप्ता और मुकेश पर एक त्वरित अदालत में मुकदमा चला था जहां 13 सितंबर, 2013 को उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी. दिल्ली हाईकोर्ट ने इस साल मार्च में उन्हें सुनाई गई मौत की सजा बरकरार रखी और अब निर्भया का परिवार दोषियों की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का इंतजार कर रहा है.
निर्भया के पिता ने कहा कि उनकी बेटी से बलात्कार और उसकी हत्या के आरोपी चार लोगों को दोषी करार दिए जाने के बावजूद जब उन्हें अभी तक सजा ही नहीं मिली है तो देश के हालात कैसे बदलेंगे. निराशा जाहिर करते हुए उन्होंने कहा उन बलात्कारियों और हत्यारों को सूली पर लटकाने से भला कौन-सी चीज अधिकारियों को रोक रही है जबकि सारे सबूत उनके सामने रखे हुए हैं.
गौरतलब है कि 16 दिसंबर, 2012 की रात एक चलती बस में एक नाबालिग लड़के सहित 6 लोगों ने 23 साल की एक फिजियोथेरेपी इंटर्न से गैंगरेप किया था, और इस जघन्य वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके दोस्त को बस से बाहर फेंक दिया था. इसके बाद विशेष इलाज के लिए पीड़िता को सिंगापुर के एक अस्पताल में भेजा गया जहां उसने 29 दिसंबर, 2012 को दम तोड़ दिया था.
हाल ही में 'उबर' कैब के एक ड्राइवर द्वारा एक युवती से बलात्कार करने की घटना के बारे में बात करते हुए निर्भया के पिता ने कहा 16 दिसंबर, 2012 के बाद भारत में कुछ भी नहीं बदला है क्योंकि हमारे नेताओं और मंत्रियों द्वारा किए गए सारे वादे झूठे और खोखले साबित हुए हैं और हमारे दुख से उन्हें सिर्फ सुर्खियों में आने का मौका मिलता हैं.
मोदी से उम्मीद
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठे निर्भया के माता-पिता ने मोदी से मिलने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा लोग कहते हैं कि मोदी बड़े निडर हैं और वह तुरंत फैसले लेनेवाले नेता हैं तो क्या वह इंसाफ दिलाने में हमारी मदद करेंगे?
पीड़िता के पिता ने कहा कि उन्होंने ने निर्भया ज्योति ट्रस्ट की शुरुआत का अपना वादा निभाया लेकिन सरकार और अधिकारी अपना वादा निभाने में नाकाम रहे. इस साल 10 मई को गैर-लाभकारी संगठन की शुरुआत की गई जिससे कि यौन उत्पीड़न के पीड़ितों को कानूनी सहायता मुहैया कराई जा सके और उनका पुनर्वास किया जा सके.
आपको बता दें कि अपनी बहादुर बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पीड़िता का परिवार आईटीओ स्थित ट्रस्ट के दफ्तर में एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है.

No comments:
Post a Comment