Friday, December 12, 2014

राखी सावंत की दोस्त ने डॉयरेक्टर को जड़ा थप्पड़

बॉलीवुड आइटम गर्ल राखी सावंत एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं लेकिन इस बार विवादों में घिरने की वजह वह खुद नहीं बल्कि उनकी एक मॉडल दोस्त है जिसने गुरुवार रात एक फिल्म के म्यूजिक लांच के दौरान स्टेज पर ही फिल्म निर्देशक को थप्पड़ जड़ दिया. थप्पड़ मारनेवाली राखी की दोस्त ने निर्देशक पर कास्टिंग काउच का आरोप लगाया है.
फिल्म 'मुंबई कैन डांस साला' के म्यूजिक लॉन्च का कार्यक्रम चल रहा था और इस फिल्म में आइटम सॉन्ग करनेवाली राखी सांवत भी स्टेज पर थी कि इसी बीच अचानक स्टेज पर पहुंची राखी की दोस्त मनीषा कुमारी ने निर्देशक सचिंद्र शर्मा को थप्पड़ मार दिया. सचिंद्र शर्मा ने थप्पड़ खाने के बाद मनीषा कुमारी के साथ हाथापाई भी की. सामारोह के आयोजकों और फिल्म से जुड़े लोगों के साथ स्टेज से लेकर बाहर आने तक दोनों के बीच हाथापाई और मारपीट होती रही और किसी ने भी दोनों को अलग करने की कोशिश नहीं की.
इस घटना के बाद राखी अपनी दोस्त मनीषा कुमारी को लेकर सांता क्रूज थाने पहुंची जहां पर उन्होनें सचिंद्र शर्मा के खिलाफ कास्टिंग काउच का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई है. मनीषा का कहना है कि सचिंद्र ने उसे रोल ऑफर करते हुए कहा था कि उन्हें यह रोल हासिल करने के लिए बहुत कुछ करना पड़ेगा. खबरें यहां तक है कि आरोपी डॉयरेक्टर ने आरोप लगानेवाली अभिनेत्री से हमबिस्तर होने के लिए भी कहा था. इतना ही नहीं वह अभिनेत्री पर गलत निगाह भी रखता था. आरोप लगानेवाली अभिनेत्री ने कहा कि सचिंद्र उससे कहता था कि यदि उसने उसकी बात मानी होती तो फिल्म में राखी सावंत की जगह वह होती.
वहीं इन सबके बीच थप्पड़ खानेवाले निर्देशक सचिंद्र शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया है. सचिंद्र शर्मा ने कहा कि राखी सावंत और उनकी दोस्त मनीषा सिर्फ सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए इस मामले को तूल दे रहीं हैं और उनपर झूठा आरोप लगा रही हैं. इतना ही नहीं सचिंद्र शर्मा की पत्नी मधु शर्मा ने भी राखी सांवत की दोस्त मनीषा कुमारी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

No comments:

Post a Comment