दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत की बहुचर्चित फिल्म 'लिंगा' आज रिलीज हो गई है. इस फिल्म के साथ-साथ रजनीकांत के प्रशंसकों के पास दोहरी खुशी है क्योंकि आज रजनीकांत का 64वां जन्मदिन है. इस फिल्म में रजनीकांत ने दोहरी भूमिका निभाई है. इस फिल्म में रजनीकांत का एकदम बेहतरीन एक्शन अवतार देखने को मिलेगा. ये फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरी उतरी है.
कहानी
कहानी की शुरूआत एक गांव से होती है राजा लिंगेस्वरम (रजनीकांत) यहां का मूल निवासी है. लोग राजा के बड़प्पन और कड़ी मेहनत के लिए उनका सम्मान करते हैं. राजा गांव में डैम बनवाने की तैयारी करता है जिससे कि अधिकांश ग्रामीणों को रोजगार मिल सके लेकिन राजा को इंग्लिश गर्वमेंट धोखा देती है और शहर छोड़ने के लिए मजबूर कर देती है. फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है और युवा लिंगा (रजनीकांत) की एंट्री होती है. लिंगा ग्रामीणों के अधिकार के लिए लड़ता है. लिंगा अपने पिता के सपनों को पूरा कर पाता है या नहीं, ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई में वह सफल होता है या नहीं? इन सवालों के जवाब जानने के लिए आपको सिनेमाघर का रुख करना पड़ेगा क्योंकि इस फिल्म की कहानी को पढ़ने से ज्यादा बेहतर होगा कि आप इस सिनेमाघरों में देखकर इसका मजा लें.
अभिनय
जैसा कि सभी जानते हैं रजनीकांत अभिनय के महारथी हैं तो उनके अभिनय पर कुछ भी कहना बेवकूफी होगी लेकिन रजनीकांत ने अपने एक्शन अवतार को बखूबी निभाया है. वहीं अनुष्का शेट्टी की बात करें तो इस फिल्म में उन्होंने पत्रकार की भूमिका निभाई है और उन्होंने अपने किरदार को बहुत ही अच्छे से जिया है. इस फिल्म से साउथ की फिल्मों में कदम रख रहीं बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा इसमें गांव की छोरी बनी हैं और उनका अभिनय सराहनीय है.
संगीत
इस फिल्म का म्यूजिक मशहूर संगीतकार ए. आर रहमान ने दिया है. रहमान के दिए म्यूजिक पर किसी प्रकार की टिप्पणी तो की ही नहीं जा सकती और उनका दिया गया म्यूजिक फिल्म का प्लस प्वाइंट है. इस फिल्म के गानों को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं.
निर्देशक
इस फिल्म का निर्देशन के. आर रविकुमार ने किया है. रविकुमार ने जिस प्रकार इस फिल्म का निर्देशन किया है उससे साफ जाहिर होता है कि कोई भी फिल्म उनकी फिल्म को मात नहीं दे सकती. यह फिल्म बिल्कुल देखने लायक है.

No comments:
Post a Comment