भुवनेश्वर में खेली जो रही हीरो हॉकी चैंपियंस ट्रोफी 2014 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को हराने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों द्वारा किए जानेवाले भड़काऊ व्यवहार का भारत ने कड़ा विरोध किया है. खबरों के अनुसार हॉकी इंडिया के प्रेजिडेंट नरिंदर बत्रा ने कहा है कि भारतीय हॉकी टीम पाकिस्तान के साथ तब तक कोई मैच नहीं खेलेगी जब तक इस मामले में पाकिस्ताम के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता.
इस मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने बत्रा ने इंटरनैशनल हॉकी फेडरेशन को भी आड़े हाथों लिया. वहीं इस मामले पर इंटरनैशनल हॉकी फेडरेशन का कहना है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के हॉकी टीम के कोच ने खेद जता दिया है इसलिए इस मामले में किसी और प्रकार की कार्रवाई करने की जरुरत नहीं है.
गौरतलब है कि भारत के खिलाफ जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी टी-शर्ट उतार कर जश्न मनाया था. पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने जोश में होश खोते हुए मीडिया और दर्शकों की तरफ आपत्तिजनक इशारे किए थे.
वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बर्ताव के लिए माफी मांगने वाले कोच शाहनाज शेख भी अब अपने बयान से पलट गए हैं. उनका कहना है कि कुछ दर्शकों ने खिलाड़ियों को ऐसा करने के लिए उकसाया था और इसलिए खिलाड़ी माफी नहीं मांगेगे, जो कुछ हुआ वह त्वरित था.
भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन सरदार सिंह और टीम डायरेक्टर ने पाकिस्तानी टीम के जश्न मनाने के तरीके की आलोचना की है. सरदार सिंह ने कहा उन लोगों को जश्न इस तरीके से नहीं मनाना चाहिए था क्योंकि वहां परिवार के अन्य लोग भी थे. इस तरह से शर्ट नहीं उतारनी चाहिए थी. एशियन गेम्स में हमने पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज कर इस तरह से जश्न नहीं मनाया था. वहीं टीम डायरेक्टर ने कहा है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हदें ही तोड़ दी थी.

No comments:
Post a Comment