शनिवार को पर्यटकों की सबसे पसंदीदा जगह शिमला और इसके नजदीकी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई. हिमाचल के निचली पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई जिससे तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं होटल व्यवसायी समय पर हुई बर्फबारी से इस हफ्ते के आखिर तक पर्यटकों के बड़ी संख्या में आने की उम्मीद कर रहे हैं.
शिमला के नजदीकी पर्यटन स्थलों कुफ्री, फागू और नारकांडा में भी हल्की बर्फबारी हुई है जिससे इस पहाड़ी इलाके का द्दश्य बहुत ही खूबसूरत लग रहा है. मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मनाली और किन्नौर के नजदीक भी बर्फबारी हुई है. वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
लाहौल और स्पीति जिले के केलांग में सबसे अधिक ठंड महसूस की गई जहां पर न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया है. वहीं धर्मशाला में तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, काल्पा में शून्य से 0.2 डिग्री और मनाली में 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

No comments:
Post a Comment