देहरादून से बागपत कोर्ट में पेशी के लिए लाए जा रहे सुनील राठी गैंग के कुख्यात बदमाश अमित उर्फ भूरा को एक दर्जन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग और मिर्च का स्प्रे कर हिरासत से छुड़ा लिया है. इतना ही नहीं गोलीबारी करते हुए बदमाश पुलिस टीम से दो एके-47 और एक इंसास रायफल लूटकर फरार हो गए. इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे आइजी और डीआइजी ने पुलिस को कड़ी फटकार लगाई.
मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के सरनावली गांव निवासी अमित उर्फ भूरा को उम्रकैद की सजा मिली है और वह देहरादून जेल में बंद था. बागपत के सिंघावली थाने में अमित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है. सोमवार को अमित को इसी हत्याकांड में बागपत कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था. देहरादून पुलिस के 5 सिपाही अमित को लेकर ट्रेन से सुबह 6 बजे टटीरी रेलवे स्टेशन पहुंचे. वहां से वे लोग गणेश टेंपो पर अमित को लेकर बागपत कोर्ट के लिए रवाना हुए.
टेंपो जब बागपत के राष्ट्र वंदना चौक पहुंचा तो वहां से दो युवक सवार हो गए और टेंपो जैसे ही क्रिस्ट ज्योति पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा तो पीछे से आई स्कार्पियो ने टेंपो में टक्कर मार दी जिसमें से उतरे दर्जनभर बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च का स्प्रे कर अमित को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस से दो एके-47 और एक इंसास रायफल लूट ली और हरियाणा की के लिए जा रहे रास्ते की तरफ फरार हो गए.
इसके बाद देहरादून पुलिस के सिपाहियों ने बागपत पुलिस को इस घटना की सूचना दी. पुलिस अधिकारियों ने नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है. वहीं मौके पर पहुंचे आइजी और डीआइजी ने देहरादून पुलिसकर्मियों को लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाई. डीआइजी ने बताया कि इस वारदात में सुनील राठी गैंग के हाथ होने की सम्भावना है. पुलिस लापरवाही और मिलीभगत की भी जांच की जा रही है.

No comments:
Post a Comment