Thursday, December 11, 2014

महिलाओं को नया फरमान, Nighty पहनी तो 500 रु का जुर्माना

महिलाओं के साथ होनेवाले अपराधों के लिए महिलाओं के कपड़ों को निशाना बनानेवालों में अब एक महिला संगठन का भी नाम जुड़ गया है. मुंबई में महिलाओं के संगठन इंद्रायणी महिला मंडल ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर एक अजीबो-गरीब फरमान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि नवीं मुंबई के गोठीवली गांव में महिलाएं नाइटी या मैक्‍सी पहनकर घर से नहीं निकलेंगी और अगर वह ऐसा करती हैं तो उन्हें 500 रुपए की राशि जुर्माने के तौर पर देनी पड़ेगी.
इस महिला मंडल का कहना है कि यह सब रेप और महिलाओं पर यौन हमले रोकने के मकसद से किया गया है. साथ ही इससे महिलाओं के प्रति होनेवाले अत्याचारों के मामलों में भी कमी आएगी. खबरों के अनुसार इस संगठन की एक सदस्य लक्ष्मी पाटिल कहती हैं कि घर से बाहर ऐसे कपड़े पहनने से ही महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हुई है. गांव की महिलाएं अब मैक्सी पहनने लगी हैं जो गलत है. लक्ष्मी का कहना है कि पहले सभी साड़ी पहनती थीं लेकिन मैक्सी का फैशन आने के बाद से यह फैशन जंगल में आग की तरह फैल रहा है.
रविवार को इस महिला संगठन ने एक बैठक आयोजित कर गांव में एक नोटिस बोर्ड भी लगा दिया था जिसमें लिखा गया था कि गोठवली गांव की सभी महिलाओं को सूचित किया जाता है कि अगर किसी को भी अपने घर के अलावा या सड़क पर मैक्सी पहन कर चलते हुए देखा गया तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.
हालांकि गांव की कई महिलाओं द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद पुलिस को इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा. इस मामले में सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर एस जॉर्ज का कहना है कि किसी भी ग्राम पंचायत या महिला संगठन को ऐसे नियम बनाने और जुर्माना लगाने का कोई अधिकार नहीं है. जॉर्ज ने कहा कि हमने इंद्रायणी महिला मंडल के सदस्यों के साथ बैठक की है और उन्हें ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाने को कहा है और इसके अलावा नोटिस बोर्ड भी हटा दिया गया है.

No comments:

Post a Comment