जानी-मानी अभिनेत्री आशा पारेख का कहना है कि वह दिवंगत कथक नृत्यांगना सितारा देवी से अपनी तुलना करने के बारे में कभी सोच भी नहीं सकतीं. आपको बता दें कि मशहूर कथक डांसर सितारा देवी का हाल ही में निधन हुआ है. आशा पारेख का नाम फिल्म इंडस्ट्री में सर्वश्रेष्ठ डांसर्स में शुमार किया जाता है. आशा का कहना है कि सितारा देवी एक ऐसी हस्ती थीं जिनके साथ मंच पर डांस करने का साहस उनमें नहीं था.
आशा ने बताया कि मैं मंच पर सितारा देवी के बराबर डांस करने के बारे में कभी सोच भी नहीं पाई. वह हमेशा कहा करती थीं कि जब आप मंच पर होते हैं आपमें दर्शकों में बैठे हर व्यक्ति की आंखों में देखते हुए डांस करने का हौसला होना चाहिए जिससे उनको लगे कि आप उनके लिए डांस कर रही हैं. आशा ने कहा, मैं कभी भी ऐसा नहीं कर पाई क्योंकि मुझे लगता है कि मंच पर हमेशा मुझमें एक झिझक होती थी.
आशा पारेख ने बताया कि सितारा देवी एक फायरब्रांड और बिजली के तार जैसी थीं. आशा ने कहा, वह अपने भतीजे गोपीकृष्ण के काफी करीब थीं और मैं भी गोपी के काफी करीब हूं इसलिए मेरी मुलाकात उनसे अक्सर होती रहती थी.
आशा ने बताया कि वह हमेशा से विद्रोही प्रवृति की थीं जो उनका मन करता था वह वही करती थीं और वह एक कमाल की डांसर थीं. आशा ने यह भी कहा कि मुझे कभी भी उनके साथ मंच पर डांस करने का मौका नहीं मिला लेकिन मैं खुश हूं क्योंकि अगर मुझे मौका मिलता तो भी वह मंच पर मुझपर भारी ही पड़तीं.

No comments:
Post a Comment