अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इमिग्रेशन पॉलिसी में बदलाव की घोषणा करते हुए अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रह रहे लाखों भारतीयों समेत 50 लाख लोगों को वैध दर्जा देने की बात कही है. ओबामा ने इमिग्रेशन पॉलिसी में बदलाव करने की जानकारी फेसबुक के द्वारा भी दी जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस पॉलिसी के बारे में जानकारी ले सकें.
ओबामा ने कहा अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से रह रहे 50 लाख लोगों को अस्थाई दस्तावेज दिए जाएंगे जिसकी मदद से वह लोग कानूनी रूप से अमेरिका में रहने के हकदार होंगे. ओबामा ने कहा यह घोषणा उन लोगों के लिए है जो कि आम अमेरिकी नागरिक की तरह हर सुविधा पाने के हकदार हैं और हमने किसी को क्षमादान देने की बात नहीं की है क्योंकि हम जवाबदेही, समझदारी और बीच का रास्ता निकालने की बात कर रहे हैं.
ओबामा ने कहा अगर आप अपराधी हैं तो आपको आपके देश वापस भेज दिया जाएगा. इतना ही नहीं ओबामा ने यहां तक कह दिया कि अगर आप अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से घुसने के बारे में सोच रहे हैं तो आपको कभी भी पकड़ कर जेल भेजा जा सकता है.
ओबामा ने यह भी कहा कि हर कोई मानता है कि अमेरिका की इमिग्रेशन पॉलिसी दोषपूर्ण है लेकिन दुर्भाग्य से इसे सुधारने में वॉशिंगटन ने देरी की है और राष्ट्रपति के तौर पर मैं अपने अधिकारों पर काम कर सकता हूं. आखिर में ओबामा ने कहा मैं चाहूंगा कि इसे और बेहतर किया जाए.
आपको बता दें कि गैरकानूनी तरीके से रहनेवाले लोगों की सबसे ज्यादा संख्या मैक्सिको से है. वर्तमान में 1.1 करोड़ लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में रह रहे हैं जिसमें से 4.5 लाख भारतीय हैं.
जहां एक तरफ ओबामा के घोषणा करने के बाद लाखों अमेरिकी परिवारों में खुशी और उत्साह हैं तो वहीं दूसरी तरफ रिपब्लिकन पार्टी ने इसका विरोध किया है. उनका कहना है कि बिना कांग्रेस के अमेरिका के राष्ट्रपति इस तरह का फैसला नहीं ले सकते क्योंकि यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला है.

No comments:
Post a Comment