Sunday, January 25, 2015

जैकलीन ने पढ़े सलमान की तारीफ के कसीदे, हिन्दी सीखने की वजह सिर्फ सलमान

बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज आजकल अपनी आगामी फिल्म ‘रॉय’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इस फिल्म में जैकलीन के अलावा रणबीर कपूर और अर्जुन रामपाल भी मुख्य भूमिका में हैं. इससे पहले जैकलीन फिल्म ‘किक’ में सलमान खान के साथ नजर आई थीं. एक कार्यक्रम के दौरान जैकलीन ने बताया कि ‘किक’ में काम करने के बाद उनकी हिन्दी में काफी सुधार आया है.
जैकलीन ने बताया कि ‘किक’ के प्रमोशन के दौरान सलमान मुझे प्रेरित करते रहे. वह मेरे लिए बहुत ही प्रेरणादायक इंसान हैं. मैं इसके लिए सलमान की एहसानमंद हूं. आपको बता दें कि सलमान और जैकलीन की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई की थी. इस फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खासा पसंद किया था.
फिल्म ‘रॉय’ के बाद जैकलीन खिलाड़ी अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘ब्रदर्स’ में दिखाई देंगी. इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें जैकलीन बिना मेकअप के बेहद ही अलग अंदाज में नजर आएंगी.

3 मई से शुरू होगी पूरे देश में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी

दूरसंचार नियामक ट्राई 3 मई से पूरे देश में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) शुरू करने जा रहा है. इसके लिए ट्राई ने नियमों की सूची तैयार की है जिसके तहत मोबाइल ग्राहक देश में कहीं भी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी बदल सकेंगे और उनका मोबाइल नंबर वही रहेगा.
आपको बता दें कि फिलहाल मोबाइल ग्राहकों को दूरसंचार कंपनी बदलने की छूट सीमित है. ग्राहक अभी केवल एक दूरसंचार सर्किल में ही अपना सेवा प्रदाता बदल सकते हैं और ज्यादातर मामलों में यह एक राज्य तक ही सीमित है. वैसे तो इस योजना को छह महीने में लागू करना था लेकिन ट्राई की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार एमएनपी को अमल में लाने के लिए एमएनपी नियमन 2009 (संशोधित) में कुछ बदलाव करने होंगे. इसके लिए एक प्रारूप तैयार किया गया है.
3 नवंबर 2014 को दूरसंचार विभाग ने एमएनपी लाइसेंस समझौते में संशोधन जारी किया था. इसमें दूरसंचार कंपनियों से लाइसेंस में संशोधन होने की तिथि से छह माह के भीतर एमएनपी लागू करने को कहा गया था. ग्राहक से मांगे सुझाव नए संशोधनों में ट्राई पोस्टपेड ग्राहकों के हितों का ध्यान में रखेगा.
आपको बता दें कि अभी पोर्टेबिलिटी करानेवाले ग्राहकों को सभी भुगतान के बावजूद नए नेटवर्क में दिक्कत आती है. अब नियामक ने समय सीमा तय कर दी है जिसमें पुराने और नए सेवा प्रदाता को ग्राहकों के बकाए पर स्थिति स्पष्ट करनी होगी. इसके साथ ही ट्राई ने एमएनपी नियम सूची पर आम जनता से 6 फरवरी तक सुझाव मांगे हैं.

श्री श्री रविशंकर और बाबा रामदेव का पद्म सम्मान लेने से इंकार

योगगुरू बाबा रामदेव और श्री श्री रविशंकर ने पद्म पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया है. बाबा रामदेव ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखी जिसमें उन्होंने आग्रह किया कि यह सम्मान उनकी जगह किसी और को दे दिया जाए. बाबा ने जिस लेटरहेड में चिट्ठी लिखी है वह पंतजलि योगपीठ ट्रस्ट की है जिसमें तारीख मैनशन नहीं की गई है लेकिन चिट्ठी में बाबा ने साफ किया है कि वह इस सम्मान को स्वीकार नहीं करेंगे.
रामदेव ने मीडिया में चल रही चर्चाओं का हवाला देते हुए अपने पत्र में लिखा मुझे इनसे यह जानकारी मिली है. ‘मैं एक संन्यासी हूं और अपने संन्यास धर्म के साथ राष्ट्रधर्म और सेवा धर्म को निष्काम और अनासक्त भाव से करना अपना कर्तव्य समझता हूं. उन्होंने लिखा यह सम्मान गौरवपूर्ण कार्य करनेवाले किसी अन्य महानुभाव को प्रदान कर मुझे अनुगृहित करें.
वहीं श्री श्री रविशंकर ने भी पद्म पुरस्कार लेने से इंकार करते हुए कहा गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुझे फोन करके इसके बारे में सूचना दी और मैंने उनका शुक्रिया अदा किया लेकिन मैंने उनसे कहा कि आप यह सम्मान मेरी जगह किसी अन्य व्यक्ति को दें.

वर्ल्ड कप में विराट को संभालनी होगी बागडोर: राहुल

भारतीय खिलाड़ी और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड का कहना है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आगामी वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने की बहुत आवश्यकता है क्योंकि भारतीय टीम उनकी बल्लेबाजी पर काफी निर्भर करती है.
द्रविड ने कहा कि अगर आप भारतीय बल्लेबाजी का क्रम देखते हैं तो उनकी टीम विराट पर पूरा भरोसा करती है. टीम का मानना है कि अगर विराट मध्य ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भारतीय टीम को बहुत लाभ होगा और सुरेश रैना तथा महेंद्र सिंह धोनी बाकी ओवरों में खेलकर टीम को किसी भी स्थिति से बहुत ही आसानी से निकाल सकते हैं.
राहुल ने कहा भारत इस बार वर्ल्ड कप में खिताब बचाओ अभियान के लिए उतरेगा. ऐसे में युवा बल्लेबाज विराट का बेहतरीन प्रदर्शन करना पूरी टीम के लिए बहुत जरूरी है. विराट को शानदार बल्लेबाजी करने की आवश्यकता है और पूरी टीम के लिए उनका फॉर्म में रहना काफी आवश्यक है.
वहीं राहुल ने गेंदबाजों के लिए कहा कि वे डैथ ओवरों में अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं ला पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी के पास अच्छी यार्कर है लेकिन वह उसका पूरा इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं. इशांत शर्मा भी अपने प्रदर्शन में निरंतर नहीं हैं. उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार उस समय बेहतरीन गेंदबाज साबित होते हैं जब गेंद को स्विंग मिलता है लेकिन डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी उतनी बढ़िया नहीं रहती और यही बात उमेश यादव के साथ भी है इसलिए भारतीय गेंदबाजी में निरंतरता नहीं दिखाई देती.

अब नहीं बनेगी बिल क्लिंटन पर आधारित फिल्म

पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन पर बननेवाली डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण अब नहीं होगा. सुनने में आया है कि हॉलीवुड फिल्मकार मार्टिन स्कॉरसेस की इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण आपसी विवाद के चलते रोक दिया गया है.
सूत्रों के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि 2016 में अमरीकी राष्ट्रपति के चुनाव में हिलेरी क्लिंटन खड़ी हो सकती हैं और इसी को लेकर उनके पति बिल क्लिंटन चाहते हैं कि उनके जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म में दिखाई गई बातें हिलेरी की राष्ट्रपति पद की दावेदारी में बाधा न बनें. वहीं फिल्मकार मार्टिन ने फिल्म में किसी भी तरह की काट छांट के लिए मना कर दिया है जिसके कारण इस फिल्म का निर्माण बीच में ही बंद हो गया है.
डॉक्यूमेंट्री के ठप हो जाने पर जहां मार्टिन ने कोई टिप्पणी नहीं की है वहीं एक निजी चैनल के प्रतिनिधि ने बताया यह अभी प्रदर्शित नहीं हो रही है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि फिल्म बंद कर दी गई है. जैसे ही सही समय आएगा इस फिल्म को प्रदर्शित कर दिया जाएगा.

यूक्रेन: विद्रोहियों ने किए रॉकेट हमले, 30 लोगों की मौत

यूक्रेन में विद्रोहियों के आक्रामक अभियान के बीच पूर्वी शहर मारिउपोल में एक बजार, स्कूलों, घरों और दुकानों पर अंधाधुंध रॉकेट दागे गए. इस रॉकेट हमलों में करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है.
विद्रोहियों के शीर्ष नेता द्वारा आक्रमण शुरू होने की घोषणा किए जाने के साथ ही सुरक्षाबलों ने सामरिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर की रक्षा के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं. विद्रोही नेता ने हमलों में असैन्य नागरिकों के मारे जाने के बाद अपनी धमकी का सुर धीमा कर लिया है.
अधिकारियों ने बताया कि रॉकेट हमलों में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति पेत्रो पोरोशेंको ने अपने सैन्य अधिकारियों की आपातकालीन बैठक बुलाई और सरकार की तरफ से जवाब देने के प्रयासों को समन्वित करने के लिए अपनी सउदी अरब यात्रा में कटौती कर दी है.
शनिवार को रक्षामंत्री स्टीफन पोल्तोराक ने कहा कि शहर में सैन्य स्थिति मजबूत कर दी गई है और सुरक्षाबलों की तैनाती की जा रही है. पोरोशेंको ने मारिउपोलो पर हमले को आतंकी कृत्य करार दिया है. आपको बता दें कि विद्रोहियों द्वारा शांति समझौते को खारिज किए जाने और सरकार के खिलाफ अपने अभियान को आक्रामक करने की घोषणा के एक दिन बाद ये रॉकेट हमले किए गए. 

Tuesday, December 16, 2014

कब निर्भया जैसी बेटियों को मिलेगा इंसाफ: निर्भया के पिता

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर, 2012 को हुए सामूहिक बलात्कार और हत्याकांड के आज दो साल पूरे हो गए हैं. अपनी बेटी के इस दर्द की बरसी पर पीड़िता के पिता ने अपनी बेटी को याद करते हुए अपना दर्द जाहिर किया और पीएम नरेंद्र मोदी सवाल किया क्या आप हमें इंसाफ दिलाने में मदद करेंगे?
बेटी पूछती है कब मिलेगा इंसाफ
उन्होंने कहा मेरी बेटी मुझसे रोज पूछती है कि मैंने उसे इंसाफ दिलाने के लिए क्या किया है और मैं क्या कर रहा हूं जिससे उस जैसी कई और लड़कियों को इंसाफ मिल सके. बेटी की यह सब बाते सुनकर मुझे असहाय होने का अहसास होता है और लगता है कि मैं कितना मामूली सा आदमी हूं कि बेटियों को इंसाफ दिलाने के लिए कुछ नहीं कर सकता. पिता ने कहा कि वह 16 दिसंबर, 2012 की रात से लेकर आज तक कभी भी शांति से नहीं सो पाए हैं.
आपको बता दें कि इस मामले के दोषी चार वयस्क आरोपियों - अक्षय ठाकुर, विनय शर्मा, पवन गुप्ता और मुकेश पर एक त्वरित अदालत में मुकदमा चला था जहां 13 सितंबर, 2013 को उन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी. दिल्ली हाईकोर्ट ने इस साल मार्च में उन्हें सुनाई गई मौत की सजा बरकरार रखी और अब निर्भया का परिवार दोषियों की अपील पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का इंतजार कर रहा है.
निर्भया के पिता ने कहा कि उनकी बेटी से बलात्कार और उसकी हत्या के आरोपी चार लोगों को दोषी करार दिए जाने के बावजूद जब उन्हें अभी तक सजा ही नहीं मिली है तो देश के हालात कैसे बदलेंगे. निराशा जाहिर करते हुए उन्होंने कहा उन बलात्कारियों और हत्यारों को सूली पर लटकाने से भला कौन-सी चीज अधिकारियों को रोक रही है जबकि सारे सबूत उनके सामने रखे हुए हैं.
गौरतलब है कि 16 दिसंबर, 2012 की रात एक चलती बस में एक नाबालिग लड़के सहित 6 लोगों ने 23 साल की एक फिजियोथेरेपी इंटर्न से गैंगरेप किया था, और इस जघन्य वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके दोस्त को बस से बाहर फेंक दिया था. इसके बाद विशेष इलाज के लिए पीड़िता को सिंगापुर के एक अस्पताल में भेजा गया जहां उसने 29 दिसंबर, 2012 को दम तोड़ दिया था.
हाल ही में 'उबर' कैब के एक ड्राइवर द्वारा एक युवती से बलात्कार करने की घटना के बारे में बात करते हुए निर्भया के पिता ने कहा 16 दिसंबर, 2012 के बाद भारत में कुछ भी नहीं बदला है क्योंकि हमारे नेताओं और मंत्रियों द्वारा किए गए सारे वादे झूठे और खोखले साबित हुए हैं और हमारे दुख से उन्हें सिर्फ सुर्खियों में आने का मौका मिलता हैं.
मोदी से उम्मीद
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से इंसाफ की उम्मीद लगाए बैठे निर्भया के माता-पिता ने मोदी से मिलने की इच्छा जताई है. उन्होंने कहा लोग कहते हैं कि मोदी बड़े निडर हैं और वह तुरंत फैसले लेनेवाले नेता हैं तो क्या वह इंसाफ दिलाने में हमारी मदद करेंगे?
पीड़िता के पिता ने कहा कि उन्होंने ने निर्भया ज्योति ट्रस्ट की शुरुआत का अपना वादा निभाया लेकिन सरकार और अधिकारी अपना वादा निभाने में नाकाम रहे. इस साल 10 मई को गैर-लाभकारी संगठन की शुरुआत की गई जिससे कि यौन उत्पीड़न के पीड़ितों को कानूनी सहायता मुहैया कराई जा सके और उनका पुनर्वास किया जा सके.
आपको बता दें कि अपनी बहादुर बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पीड़िता का परिवार आईटीओ स्थित ट्रस्ट के दफ्तर में एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है.