Monday, January 26, 2015

कोलंबिया की पॉलिना ने जीता ‘Miss Universe 2014’ का ताज

रविवार को फ्लोरिडा के मियामी में आयोजित मिस यूनिवर्स 2014 का ताज कोलंबिया की सुंदरी पॉलिना वेगा ने जीत लिया है. मिस अमेरिका निया सैंशेज इस प्रतिस्पर्धा की पहली उपविजेता और यूक्रेन की सुंदरी डियाना हरकुशा दूसरी उपविजेता रहीं.
87 देशों की सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए पॉलिना ने मिस यूनिवर्स के ताज पर कब्जा किया. मिस यूनिवर्स 2013 वेनेजुएला की गेब्रिएला इस्लर ने सुंदरी पॉलिना को ताज पहनाया. इस साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इस बार मिस यूनिवर्स का ताज नया था जो कि डायमंड इंटरनेशनल कॉर्पोरेशन (डीआईसी) ने तैयार किया था. इस प्रतियोगि‍ता में मिस यूनिवर्स दीवा रह चुकीं नोयोनिता लोध भारत को रिप्रजेंट कर रहीं थी.

मिस्र: सुरक्षाबलों-इस्लामियों के बीच संघर्ष, 18 की मौत

हुस्नी मुबारक को अपदस्थ किए जाने के चार साल पूरे होने पर मिस्र में सुरक्षाबलों और इस्लामियों के बीच संघर्ष चल रहा है. इस संघर्ष में अभी तक कम से कम 18 लोग मारे गए हैं और 80 अन्य घायल हो गए हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसम अब्देल गफ्फार ने बताया कि काहिरा, कार्फ अल-शेख, गीजा और मेन्या में हुए संघर्ष में 18 व्यक्ति मारे गए और 80 अन्य घायल हो गए. इसी बीच पीएम इब्राहीम महलाब ने रविवार को घोषणा की कि नार्थ सिनाई क्षेत्र में कर्फ्यू तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है.

अजहरुद्दीन की बायोपिक में संगीता की भूमिका में जैकलीन

पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन पर बनने जा रही बायोपिक फि‍ल्‍म में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज अजहरुद्दीन की पूर्व पत्नी संगीता बिजलानी की भूमिका निभा सकती हैं. इस फिल्म में अजहरुद्दीन की भूमिका अभिनेता इमरान हाशमी निभाएंगे.
पहल सुनने में आया था कि करीना कपूर यह किरदार निभा सकती हैं लेकिन फिल्‍म 'उड़ता पंजाब' की व्‍यस्‍तता के चलते करीना ने मना कर दिया है. अब बॉलीवुड गलियारों में चर्चा है कि इस फिल्‍म के लिए जैकलीन फर्नांडीज से बातचीत की गई है. सूत्रों की माने तो जैकलीन इस रोल के लिए लुक टेस्‍ट भी दे चुकी हैं. इसके अलावा यह भी खबर है कि इस रोल के लिए कृति शैनन के नाम पर भी चर्चा की जा रही है. 

IS ने जापानी बंधक को उतारा मौत के घाट

राक के कुख्यात आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) द्वारा बंधक बनाए गए दो युवकों में से एक की हत्या कर दी गई है. आईएस से जुड़े एक ट्विटर अकाउंट अल फ़ुकरान द्वारा दावा किया गया है कि बंधक बनाए गए दो जापानी नागरिकों में से एक की हत्या कर दी गई है.
खबरों के अनुसार इससे जुड़ी एक तस्वीर और एक ऑडियो जारी किया गया है जिसमें 42 साल के हारुना युकावा की हत्या करने की बात कही गई है. जापान सरकार अभी इस तस्वीर और ऑडियो की जांच कर रही है. फिलहाल जापान सरकार द्वारा हारुना युकावा की हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
आपको बता दें कि बीते दिनों जारी हुए वीडियो में आईएस ने पत्रकार केंजी गोतो और हारुना की रिहाई के बदले 20 करोड़ डॉलर की फिरौती मांगी थी. इसके साथ ही आईएस ने मांग पूरी न किए जाने पर दोनों बंधकों की हत्या करने की धमकी भी दी थी. 

गणतंत्र दिवस पर बिग बी द्वारा गाया गया राष्ट्रगान जारी

आज 66वें गणतंत्र दिवस के मौके पर बॉलीवुड के सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (बिग बी) द्वारा गाया गया राष्ट्रगान जारी किया गया है. इस गाने को टीवी, रेडियो समेत देशभर के विभिन्न सिनेमाघरों में जारी किया गया है.
इसकी जानकारी बिग बी ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर दी. बिग बी ने ब्लॉग पर लिखा मैंने कोलकाता में एक वीडियो शूट किया है. मैंने नोबल पुरुस्कार विजेता गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर के आवास जोरासांको ठाकुर बाड़ी पर टहलते हुए राष्ट्रगान शूट किया जिसे 26 जनवरी को जारी किया जाएगा. इतना ही नहीं बिग बी ने ठाकुर बाड़ी में अपने अनुभवों को भी साझा किया.
उन्होंने लिखा मैं इस महान साहित्यकार का कायल हूं. जब हम भारत के महान सपूत बंगाल निवासी टैगोर के घर और कमरे में प्रवेश करते हैं तो यह स्वर्ग जैसा लगता है.



अटलांटा हवाई अड्डे पर 2 विमानों में बम होने की धमकी

रविवार को अमेरिका के अटलांटा हवाई अड्डे पर दो विमानों में बम होने की धमकी मिलने के बाद पूरे हवाई अड्डे पर तहलका मच गया. पुलिस ने बिना देरी किए दोनों विमानों की तलाशी ली लेकिन विमानों से कोई बम बरामद नहीं किया गया.
अटलांटा हवाई अड्डा के प्रवक्ता रीज मैक्रेनी ने बताया कि डेल्टा एयरलाइन की उड़ान 1156 और साउथवेस्ट एयरलाइन की उड़ान 2492 को यहां उतारा गया जो कि पोर्टलैंड और मिलवाकी से आ रही थीं. दोनों विमानों को हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल कर विमान की तलाशी ली गई.
उन्होंने बताया कि दो अमेरिकी जेट हेलिकॉप्टरों ने इन दोनों विमानों की अपनी निगरानी में लैंडिग करावाई. तलाशी अभियान में बम स्कवॉड और खोजी कुत्तों को भी शामिल किया गया था. अटलांटा का हट्र्सफील्ड हवाई अड्डा काफी व्यस्त रहता है और इस सप्ताह ऐसा दूसरी बार हुआ है जब किसी विमान में यहां पर बम होने की धमकी दी गई. 

पाक: हवाई हमले में 35 संदिग्ध आतंकवादी ढेर

रविवार को पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में सैनिकों द्वारा आतंकवादियों के अड्डे पर हवाई हमले किए गए. इस हवाई हमले में 35 संदिग्ध आतंकवादी मारे गए है. अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी वजीरिस्तान में जून 2014 से चलाए जा रहे जर्ब-ए-अज्ब अभियान में अब तक 1,200 से अधिक संदिग्ध आतंकवादी मारे जा चुके हैं.
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार हवाई हमले दत्ताखेल तहसील में किए गए. संघर्ष का इलाका पत्रकारों की पहुंच से दूर है इसलिए हताहतों की संख्या और पहचान की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं की जा सकती.