Saturday, November 8, 2014

जब संजय ने आमिर से कहा 'ठर्की छोकरों'

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘पीके’ का एक के बाद एक नया रुप देखने को मिल रहा है. इस फिल्म के 4 पोस्टर और एक ट्रेलर रिलीज किया जा चुका है. अब इस फिल्म का पहला गाना ‘ठर्की छोकरों’ रिलीज होने जा रहा है. फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी ने इस गाने को राजधानी दिल्ली में रिलीज करने का फैसला किया है.
इस फिल्म के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली में शूटिंग के दौरान फिल्म की पूरी कास्ट ने बहुत मस्ती की इसलिए राजकुमार हिरानी ने इसके पहले गाने को दिल्ली में ही रिलीज करने का फैसला किया है. दिल्ली में आयोजित होनेवाले इस गाने के लॉन्चिंग इवेंट पर आमिर खान समेत फिल्म की पूरी टीम दिल्ली में मौजूद रहेगी.
आपको बता दें कि इस गाने में संजय दत्त ने आमिर खान को 'ठर्की छोकरा' कहकर संबोधित किया है. इस गाने को राजस्थानी रंग देने के लिए राजकुमार ने राजस्थानी गायक स्वरूप खान से इस गाने को गवाया है.
फिल्म में आमिर के अलावा संजय दत्त, अनुष्का शर्मा और सुशांत सिंह राजपूत भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. यह फिल्म 19 दिसम्बर को रिलीज होगी. 

Friday, November 7, 2014

Happy B'day 'चाची 420'

मद्रास के परनकुडी में 7 नवम्बर 1954 को जन्मे मशहूर अभिनेता कमल हसन आज 60 साल के हो गए हैं. कमल हसन अभिनेता के अलावा निर्देशन, पटकथा लेखक, गीतकार, पार्श्व गायक और कोरियोग्राफर भी हैं. कमल के पिता चाहते थे कि उनके तीन बच्चों में से कम से कम एक बच्चा अभिनेता बने इसलिए उन्होंने कमल हासन को अभिनेता बनाने का निश्चय किया. कमल हासन ने अपने सिने कैरियर की शुरूआत बतौर बाल कलाकार के रुप में की.
ए. भीम. सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कलत्तूर कन्नम्मा’ में बाल कलाकार के रुप में उन्होंने अपने दमदार अभिनय से न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया.
अपने चार दशक से भी लंबे सिने कैरियर में कमल हसन ने कई सुपरहिट फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता. 70 के दशक में जब कमल बतौर अभिनेता खुद को फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिये संघर्ष कर रहे थे तो उस दौरान उन्हें दो फिल्मों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. फिल्म निर्देशक श्रीधर ने उनसे यह कर बाहर का रास्ता दिखा दिया था कि उनमें अभिनेता बनने की काबिलियत ही नहीं है इसलिए अच्छा है कि वह अभिनेता बनने की जगह पर्दे के पीछे रहकर अपना हुनर दिखाएं.
1972 को जाने माने निर्माता-निर्देशक के. बालचंद्रन ने कमल की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें अपनी फिल्म 'अरंगेतरम' में नायिका के भाई की भूमिका दी. 1973 में प्रदर्शित हुई इस फिल्म में भूमिका छोटी होने के बावजूद कमल ने अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया और दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे. 1975 में प्रदर्शित फिल्म 'अपूर्वा रंगनागल' में उन्हें मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाने का अवसर मिला जिसके बाद उन्हें सही मायनों में फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान मिली. इसके बाद 1977 में प्रदर्शित हुई फिल्म '16 भयानिथानिले' के सुपरहिट होने के साथ कमल स्टार कलाकार बन गए. इस फिल्म में उन्होंने अभिनेता रजनीकांत और अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ काम किया था.
1981 में कमल ने फिल्म 'एक दूजे के लिए' से हिंदी फिल्मजगत में कदम रखा. यह फिल्म सुपरहिट रही और कमल हिंदी फिल्मजगत में भी छा गए. इस फिल्म के बाद उन्होंने 'सदमा', 'सागर', 'गिरफ्तार' जैसी कई हिंदी फिल्मों में काम किया और काफी तारीफे भी बटौरी. इनके अलावा उन्होंने 'पुष्पक', 'नायकन', 'अप्पू राजा', 'इंडियन' जैसी फिल्मों में भी काम किया. कमल की बहुचर्चित फिल्म ‘चाची 420’ शायद ही कोई भूल पाएगा क्योंकि इस फिल्म में उन्होंने काफी उम्दा अभिनय किया और यह सुपरहिट रही.
पिछले साल रिलीज हुई कमल की फिल्म 'विश्वरूपम' तमिल भाषा के साथ-साथ 'विश्वरूप' नाम से हिंदी भाषा में भी रिलीज की गई. इस फिल्म ने दुनियाभर में करोड़ों रुपए का कारोबार किया. फिलहाल कमल इस समय फिल्म के सीक्वल पर काम कर रहे हैं. शायद यह फिल्म अगले साल रिलीज हो सकती है.
कमल हासन को मिले सम्मान और पुरस्कारों की लिस्ट बहुती ही लंबी है. कमल ने अपने अभी तक के फिल्मी करियर में 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, 13 दक्षिण भारतीय फिल्मफेयर अवॉर्ड, 2 फिल्मफेयर अवॉर्ड, 3 नंदी अवॉर्ड, 9 तमिलनाडु स्टेट नेशनल अवॉर्ड सहित कई पुस्कार प्राप्त किए हैं. इन सब के अलावा कमल को भारत सरकार ने पद्मश्री (1990) और पद्म भूषण (2014) सम्मान से भी सम्मानित किया है.

‘अंदाज अपना-अपना’ में नहीं दिखेंगे सलमान-आमिर

रिलीज के समय सफल न होनेवाली फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ का सीक्वल बनने जा रहा है लेकिन इसमें सलमान खान और अमिर खान अभिनय नहीं करेंगे. इस फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी ने बताया कि सलमान और आमिर इसमें काम नहीं करेंगे. संतोषी ने कहा वैसे तो मैं सीक्वल बनाने में यकीन नहीं रखता लेकिन इस फिल्म की मांग आश्चर्यजनक है क्योंकि जिस समय इसे रिलीज किया गया था तब दर्शकों को यह ज्यादा पसंद नहीं आई थी लेकिन अब यह फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई और वह इसके सीक्वल की मांग कर रहे हैं.
संतोषी ने कहा मेरे पास इस फिल्म में दो सीक्वल बनाने का आइड़िया है जिसमें से एक सीक्वल में अमर और प्रेम की शादी हो जाती है और उसके बाद दूसरा सीक्वल उनकी जिंदगी पर आधरित होगा लेकिन अभी कुछ डिसाइड नहीं किया गया है. संतोषी ने बताया कि वह इस फिल्म में नए युवा कलाकारों को मौका देना चाहते हैं इसलिए वह इसके लिए सलमान और आमिर को नहीं ले रहे.
गौरतलब है कि 1994  को विनय सिन्हा निर्मित और राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देर्शित फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में आमिर और सलमान खान ने हास्य अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था. इस फिल्म में सलमान और आमिर के अलावा करिश्मा कपूर, रवीना टंडन और परेश रावल भी मुख्य भूमिका में नजर आए थे.

Thursday, November 6, 2014

'क्वीन ऑफ कथक' सितारा देवी आईसीयू में भर्ती

'क्वीन ऑफ कथक' के नाम से मशहूर कथक डांसर सितारा देवी आईसीयू में भर्ती हैं. सितारा देवी को दो हफ्ते पहले अधिक उम्र के चलते कुछ बिमारियों को लेकर मुंबई स्थित कंबाला हिल हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था जहां उनका ऑपरेशन किया जाना था. सितारा देवी के दामाद ने बताया कि रविवार को ऑपरेशन के बाद वह बिल्कुल ठीक थी लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई.
सितारा देवी का ईलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि हम लोग इस उम्र में उनके ऑपरेशन को लेकर कुछ समझ नहीं पा रहे थे क्योंकि वह काफी उम्रदराज हैं लेकिन ऑपरेशन कामयाब रहा. डॉक्टरों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद वह स्वस्थ थी लेकिन अचानक ही उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया.
आपको बता दें कि 94 वर्षीय सितारा देवी ने तीन घंटे के एकल गायन में नोबेल पुरस्‍कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर को काफी प्रभावित किया था. बॉलीवुड में कथक की विधा को लाने का पूरा श्रेय सितारा देवी को ही जाता है. पिछले 60 दशकों से भी ज्‍यादा समय से वह एक विख्‍यात कथक डांसर हैं. सितारा देवी को संगीत नाटक अकादमी, 'कालिदास सम्मान' और 'पद्मश्री' जैसे प्रतिष्ठित सम्‍मान से नवाजा जा चुका है.

कपिल बने निर्माता, बनाएंगे पंजाबी फिल्म

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा बहुत ही जल्द एक पंजाबी फिल्म का निर्माण करते हुए दिखाई देंगे. कलर्स चैनल पर प्रसारित होनेवाले शो ‘कॉमेडी नाइटस विद कपिल’ के जरिए दर्शकों के बीच अपनी अलग ही पहचान बनानेवाले कपिल, अब्बास-मुस्तान की फिल्म से बॉलीवुड में अभिनय की दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं और साथ ही वह निर्माता भी बनने जा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कपिल जिस फिल्म का निर्माण करने जा रहे हैं उन्होंने उस फिल्म की स्क्रिप्ट फाइनल कर दी है और पंजाबी होने की वजह से वह इस भाषा के साथ सहज महसूस करते हैं. आपको बता दें कि इस फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होगी और इसे अगले साल ही नवंबर-दिसंबर तक रिलीज करने पर विचार किया जा रहा है. जैसे ही कपिल, अब्बास-मुस्तान की फिल्म की शूटिंग से फ्री हो जाएंगे तो वह अपनी पंजाबी फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. 

फिल्म 'पीके' में आमिर को पड़ी खूब लातें

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान ने यह कभी नहीं सोचा होगा कि उन्हें फिल्मों के लिए लातें भी खानी पड़ेंगी. फिल्म ‘पीके’ के एक सीन में अमिर को एक नाई से लात खानी थी जिसके लिए उन्होंने कई टेक दिए जब अमिर ने 11 लात खा ली तब वह सीन फाइनल हुआ और आमिर को इतनी लातों को सहन करना पड़ा.
फिल्म के एक सीन में अमिर खान नाई के पास बैठे हुए है और उनके पीछे लाइन से कुछ अन्य लोग भी बैठे हुए हैं. बैठे-बैठे आमिर को मस्ती सूझती है और वह नाई का पायजामा पीछे से खींच देते हैं. इतने में ही नाई आमिर को लात मार देता है और आमिर के साथ-साथ उनके पीछे बैठे लोग एक के बाद एक गिरने लगते हैं.
आमिर अपनी इस फिल्‍म को लेकर काफी उत्साहित हैं. इस फिल्‍म के पोस्‍टरों ने दर्शकों को पहले से ही बहुत हैरान कर दिया है और ऐसे में फिल्‍म के इस टीजर ने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया है. इस टीजर में आमिर नटखट और लगातर पान खाते हुए नजर आ रहे हैं. इस फिल्म में आमिर के अलावा अनुष्‍का शर्मा, सुशांत सिंह राजपूत और संजय दत्त भी मुख्‍य भूमिका में नजर आएंगे. राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 दिसम्बर को रिलीज होगी. 

'सत्यमेव जयते' के सेट पर पहुंची परिणीति,कंगना और दीपिका

5 अक्टूबर से स्टार प्लस पर शुरु हुए टीवी रियलिटी शो ‘सत्यमेव जयते’ का तीसरा सीजन 6 नवम्बर को खत्म होने जा रहा है. मिस्टर परफैक्शनिस्ट आमिर खान के इस शो के आखिरी एपिसोड में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियां दीपिका पादुकोण, परिणीति चोपड़ा और कंगना रनाउत दिखाई देंगी. यह एपिसोड पुरूषों पर आधारित होगा जिसमें महिलाएं पुरूषों के बारे में अपनी व्यक्तितगत राय बताएंगी.
इस शो में पहुंची इन अभिनेत्रियों से जब आमिर ने एक आदर्श पुरूष की विशेषताएं के बारे में पूछा तो दीपिका ने जवाब देते हुए कहा कि एक औरत हमेशा यही चाहती है कि उसका पति उसे बहुत प्यार करे वो भी बिना किसी शर्त के. वहीं कंगना ने जवाब दिया कि पुरूष को संवेदनशील होना चाहिए. इतना ही नहीं शो के दौरान यह तीनों अभिनेत्रियां जनता के सवालों का जवाब देते हुई भी दिखाई देंगी.
'सत्यमेव जयते' के इस सीजन में आमिर ने नए-नए मुद्दों को उठाया है जिसका आम जनता पर काफी सकरात्मक असर पड़ रहा है. इस बार शो में कुछ नए बदलाव भी किए गए. शो के खत्म होने के बाद आमिर 'मुमकिन है' शो लेकर आए जिसमें वह आम लोगों के सवालों का उत्तर देते हैं.